साढ़े 23 हजार कार्मिक होंगे नियमितीकरण से वंचित !
बांसवाड़ा. राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के अंतर्गत आने से पूर्व 9 वर्ष या इससे अधिक समय तक सेवा देने वाले संविदा कार्मिकों को नियमित पदों पर नियुक्ति का पात्र माना गया है। इस फार्मूले में शिक्षा विभाग में कार्यरत पंचायत शिक्षकों व विद्यालय सहायकों के पूर्व की सेवा में प्रथम नियुक्ति के पद विद्यार्थी मित्र के कार्यानुभव को नहीं जोड़ा जा रहा है। इससे जिले के 882 सहित प्रदेश के 23 हजार 575 संविदा कार्मिकों को नियमितिकरण से वंचित होना पड़ेगा। इसी विषय को लेकर राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ ने विद्यार्थी मित्र पद का अनुभव जोड़ने तथा नियमितीकरण की मांग फिर उठाई है।
संगठन की ओर से जिला कलक्टर को दिए ज्ञापन में पूर्व की सेवाओं में विद्यार्थी मित्र पद की सेवा अवधि (2008 से 2014) को जोड़ते हुए पंचायत सहायक पद की सेवा अवधि (2017-18 से 2022-23) की वास्तविक गणना करने की मांग की गई है। इससे राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के नियम-3 के तहत कार्यरत संविदाकर्मी पंचायत शिक्षकों एवं विद्यालय सहायकों को नियमित हो सकेंगे। जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर वर्मा के नेतृत्व में दिए ज्ञापन के दौरान कोषाध्यक्ष वीरेंद्रसिंह चौहान, जिला संगठन मंत्री विपिन शर्मा, बांसवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष नाथूलाल मईडा, रजनीश व्यास आदि उपस्थित रहे।
जिले में कार्यरत हैंडपंप मिस्त्रियों ने जिले में नए पदों को स्वीकृत करने की मांग उठाई है। हैंडपंप मिस्त्री संघ के पदाधिकारी छगनलाल मईड़ा के अनुसार जिले में पंचायत समितियों में 52 हजार आठ सौ से अधिक हैंडपंप है। पंचायत समितियों में हैंडपंप मिस्त्री के 136 पद स्वीकृत हैं। इसके विपरीत 87 हैंडपंप मिस्त्री वर्तमान में कार्यरत हैं। ऐसे में विकास अधिकारी कार्यक्षमता से अधिक कार्यभार दे रहे हैं।
वर्ष 1996 में राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत हैंडपंपों के अनुरूप मिस्त्रियों के पंचायत समितिवार पद स्वीकृत किए गए थे। उस समय हैंडपंपों की संख्या कम थी और वर्तमान में यह कई गुना बढ़ गई हैं। तत्समय से कार्यरत हैंडपंप मिस्त्री अब सेवानिवृत्ति के आसपास हैं। जिससे शेष रहे कार्मिकों को अतिरिक्त कार्यभार दिया जा रहा है। उन्होंने जल संसाधन विभाग में की गई प्रतिनियुक्ति भी समाप्त कर पंचायत समिति के अधीन कार्य कराने की बात उठाई है।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें