सरकारी प्रयासों के साथ भामाशाहों से मिलाया हाथ : नामांकन के साथ शैक्षिक सुविधाओं में हुआ इजाफा,पेश की नजीर, तो बदल गई स्कूल की तस्वीर
डूंगरपुर . सरकार राजकीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के साथ ही शैक्षिक विकास के लिए ढेरों प्रयास कर रही है। इसके बावजूद कई सरकारी विद्यालय अभिभावकों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाते हैं। ऐसे में भामाशाह भी स्कूल से बमुश्किल ही जुड़ पाते हैं। लेकिन, कई शिक्षक दृढ़ इच्छा शक्ति के बूते सरकारी विद्यालयों में बेहतर से बेहतर सुविधा मुहैया करवाते हैं। शैक्षिक-सहशैक्षिक गतिविधियों में अनूठी नजीर पेश कर स्कूल की शिक्षा की तस्वीर ही बदल डालते है। प्रतिवर्ष पांच सितम्बर को शिक्षक दिवस पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाता है। इस वर्ष भी राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह चार एवं पांच सितम्बर को जयपुर में होगा। इसमें जिले के भी तीन शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।
डूंगरपुर. आसपुर ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडलिया में पदस्थापित रवीन्द्रकुमार कोठारी को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में कक्षा एक से पांच की श्रेणी में नामित किया है। प्रथम नियुक्ति तिथि पांच मई 1997 है। शैक्षिक-सहशैक्षिक क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के बूते इन्हें एक बार ब्लॉक, तीन बार जिला स्तर पर सम्मानित किया गया है। विद्यालय में भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए भामाशाहों को प्रेरित कर निरंतर आर्थिक सहयोग प्राप्त किया। क्रिकेट व कबड्डी खेल एवं किशोरी शैक्षिक उत्सव आदि कार्यक्रमों में कई विद्यार्थियों का राज्य स्तर पर चयन में अहम् योगदान रहा। साथ ही अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डूंगरपुर. मूलत: दामड़ी गांव तथा हाल डूंगरपुर नगर के रवीन्द्रनाथ टैगोर कॉलोनी के शिक्षक महेश व्यास राउप्रावि धाणी घटाऊ में पदस्थापित है। यह प्रथम नियुक्ति 24 मई 1990 को हुई। साक्षरता सहित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में उत्कृष्ट सेवाएं देने के साथ ही वर्ष 2019 से 2023 के मध्य विद्यालय में भामाशाहों के सहयोग से करीब 50 लाख रुपए के कार्य करवाए। इसमें प्रार्थना हॉल, जल मंदिर सहित विद्यालय में आवश्यक निर्माण कार्य हुए। इनके प्रयासों से इनके विद्यालय के ही तीन भामाशाहों का जिला स्तर पर सम्मानित हुए। कोरोना काल मेें भी इनकी सेवाएं सराही गई। राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में दोवड़ा ब्लॉक से कक्षा छह से आठ की श्रेणी में इन्हें भी नामित किया है।
डूंगरपुर. दोवड़ा ब्लॉक के सुखदेव भाई राउमावि में पदस्थापित शिक्षक हर्षित व्यास को कक्षा वर्ग नौ से 12वीं में श्रेणी में नामित किया है। इनकी प्रथम नियुक्ति पांच जनवरी 2013 में हुई। इससे पूर्व राउमावि मोदतिया ब्लॉक आसपुर में कार्यरत थे। इनके नेतृत्व में एक छात्रा को इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी पुरस्कार, 40 को स्कूटी एवं 20 का चयन गार्गी पुरस्कार के लिए हुआ। संसाधनों की कमी को पूरा करने के लिए विद्यालय के सभी ऑनलाइन कार्य विद्यालय समय के अतिरिक्त समय में पूरे किए। विद्यालय की चार दीवारी बनाने के लिए पंचायत से 31 लाख रुपए स्वीकृत करवाए। अन्य राष्ट्रीय कार्यों में सहयोग पर उन्हें उपखंड एवं जिला स्तरपर पर भी सम्मानित किया गया है।



0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें